बोर्ड पूरक परीक्षा 2017 का परिणाम जारी 10वीं में 44.54 और 12वीं में 73.62 प्रतिशत विद्यार्थी उत्तीर्ण
राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड द्वारा आयोजित बोर्ड पूरक परीक्षा 2017 का परिणाम सोमवार को घोषित कर दिया गया। 10वीं पूरक परीक्षा का परिणाम 44.54 प्रतिशत रहा।
12वीं पूरक परीक्षा में 73.62 प्रतिशत विद्यार्थी उत्तीर्ण रहे। इधर, प्रवेशिका परिणाम 48.66 फीसदी रहा,10वीं व्यावसायिक का परिणाम71.70 और वरिष्ठ उपाध्याय पूरक परीक्षा का परिणाम 74.34 फीसदी रहा।
बोर्ड द्वारा 10 से 12 अगस्त 2017 को पूरक परीक्षा 2017 का आयोजन किया गया था, जिसका परिणाम सोमवार को जारी कर दिया गया। 10वीं पूरक परीक्षा के लिए प्रदेश भर से 60334 विद्यार्थी पंजीकृत किए गए। इनमें से 33202 लड़के और 27132 लड़कियां थीं। इनमें से 50016 विद्यार्थी परीक्षा देने पहुंचे। इनमें 26907 लड़के और 23109 लड़कियां थीं।
कुल 22277 विद्यार्थियों को उत्तीर्ण घोषित किया गया। इनमें प्रथम श्रेणी 376 विद्यार्थी, द्वितीय श्रेणी 11573 विद्यार्थी और 10328 विद्यार्थी तृतीय श्रेणी में उत्तीर्ण हुए हैं। 12वीं पूरक परीक्षा के लिए कुल 33531 विद्यार्थी पंजीकृत किए गए। इनमें से 21608 लड़के और 11923 लड़कियां थीं।
पूरक परीक्षा में कुल 28974 विद्यार्थी प्रविष्ट हुए। इनमें से 18282 लड़के और 10692 लड़कियां थीं। परीक्षा के बाद बोर्ड ने कुल 21332 विद्यार्थियों को उत्तीर्ण घोषित किया।