शिक्षा मंत्री ने अजमेर उत्तर की स्कूलों में 7 करोड़ की लागत से हुए निर्माण कार्य

SHIVIRA Shiksha Vibhag Rajasthan
SHIVIRA Shiksha Vibhag Rajasthan

जयपुर। शिक्षा एवं राज्यमंत्री श्री वासुदेव देवनानी ने कहा कि राज्य सरकार ने प्रदेश की स्कूलों में भौतिक संसाधन मुहैया कराने के लिए पूरी गम्भीरता से काम किया है। अजमेर उत्तर विधानसभा क्षेत्र की स्कूलों में कक्षा कक्ष एवं अन्य निर्माण कार्यों पर 7 करोड़ रूपए खर्च किए गए हैं। शिक्षकों की भर्ती, पदोन्नति एवं रिक्त पदों पर नियुक्ति की गई है। आज प्रदेश की शिक्षा देश में दूसरे स्थान पर है। शिक्षक एवं शिक्षा परिवार पूरे मनोयोग से जुट जाए तो शीघ्र ही हम पहले स्थान पर होंगे। वासुदेव देवनानी ने शुक्रवार को अजमेर के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय पुलिस लाइन में 40 लाख रूपए की लागत से नए कक्षा कक्षों का शिलान्यास एवं 32 लाख की लागत से नवनिर्मित कक्षा कक्षों का लोकार्पण किया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि राजस्थान की शिक्षा का परचम अब पूरे देश में फहरा रहा है। नेशनल अचीवमेंट सर्वे में माध्यमिक शिक्षा में राजस्थान देश में पहले स्थान पर आ गया है। वहीं प्रारम्भिक शिक्षा में हम देशभर में दूसरे स्थान पर हैं। प्रदेश के स्कूलाें में चार साल में 3200 करोड़ की लागत से निर्माण कार्य करवाए गए है। शीघ्र ही नाबार्ड से प्राप्त 600 करोड़ की लागत से 2 हजार स्कूलों में निर्माण कार्य करवाए जाएंगे। अजमेर उत्तर विधानसभा क्षेत्र में रमसा के तहत 7 करोड़ रूपए के निर्माण कार्य करवाए गए हैं। स्कूलों को भौतिक रूप से समृद्ध बनाने के लिए पूरी गम्भीरता से प्रयास किए जा रहे हैं।

शिक्षा राज्यमंत्री ने कहा कि विद्यार्थियों को देश के इतिहास, संस्कृति और समाज से परिचित कराने के लिए सभी स्कूलों में भारत दर्शन गलियारा तैयार किया जाएगा। इसमें फोटो गैलेरी के रूप में भारत के इतिहास और संस्कृति की शिक्षा दी जाएगी। राजस्थान में पिछले चार सालों में शिक्षा के क्षेत्र में आमूलचूल परिवर्तन हुआ है। पहले राजस्थान देशभर में 21वें स्थान पर था अब समग्र रूप से देश में दूसरे स्थान पर आ गया है। उन्होंने कहा कि माध्यमिक शिक्षा के क्षेत्र में हम देश में पहले एवं प्रारम्भिक शिक्षा में दूसरे स्थान पर आ गए हैं। उन्होंने कहा कि हमने कक्षा 3, 5 एवं 8 की परीक्षा पद्धति में बदलाव किए। सर्वे में 8वीं कक्षा की पढ़ाई में हम देश में पहले, 5वीं में दूसरे एवं 3 कक्षा की पढ़ाई में हम देश में तीसरे स्थान पर हैं। कार्यक्रम में अध्यक्ष श्री अरविंद यादव ने कहा कि राजस्थान में महज चार सालों में पूरे प्रदेश की तस्वीर बदल गई है। हर क्षेत्र में विकास कार्य हुए है। प्रदेश लगातार तरक्की कर रहा है। मुख्यमंत्री श्रीमती वसुन्धरा राजे के नेतृत्व में राजस्थान लगातार आगे बढ़ता रहेगा। इस अवसर पर पार्षद श्री महेन्द्र जादम सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं शिक्षा विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।