शिक्षा विभाग में गड़बड़झाला, आरएएस अधिकारी का नाम भी कर दिया प्रिंसिपल पदोन्नति पात्रता सूची में शामिल

shaala darshan

व्याख्याता से प्रिंसिपल पद पर पदोन्नति की पात्रता सूचियां जारी, पांच-छह साल पहले विभाग छोड़ चुके व्याख्याता भी शामिल

शिक्षा विभाग में आए दिन गड़बड़झाले नजर आ रहे हैं। विभाग में कुछ दिन पहले ही मृतक कर्मचारी को पदोन्नति दे दी थी, अब शिक्षा विभाग (Department of Education) छोड़ चुके व्याख्याताओं को पदोन्नति पात्रता सूची में शामिल कर लिया गया। एेसा ही एक मामला प्रिंसिपल पद पर पदोन्नति के लिए जारी पात्रता सूची में देखा गया। व्याख्याता से प्रिंसिपल पद पर होने वाली पदोन्नति की पात्रता सूचियां बुधवार को जारी की गई। शिक्षा विभाग में शाला दर्शन व शाला दर्पण के जरिए सभी सूचनाएं ऑनलाइन हो रही हैं। इसके बावजूद पात्रता सूची में खामियां नजर आ रही हैं। विभाग की इस सूची में उन व्याख्याताओं को शामिल किया गया है, जो पांच-छह साल पहले ही विभाग छोड़ चुके हैं। इनमें से कई आरएएस अधिकारी तो कई कॉलेज व्याख्याता बन चुके हैं। इस सूची में 2010 में आरपीएससी से व्याख्याता बने व्यक्तियों को शामिल किया गया है। अब वे आरएएस या उच्च पदों पर पदस्थापित होकर दूसरी जगह चले गए हैं।

गलत नाम हटाएं

इस पात्रता सूची में करीब 250 व्याख्याता एेसे हैं, जो उच्च पदों पर पदस्थापित हैं। यह गलत है। विभाग को इस सूची में शामिल गलत नामों को हटाना चाहिए तथा जो पात्र हैं, उनका नाम शामिल करना चाहिए।

-मोहन सिहाग, प्रदेशाध्यक्ष, राजस्थान शिक्षा सेवा प्राध्यापक संघ (रेसला)

अध्यापकों को विद्यालय आवंटित

राजस्थान तृतीय श्रेणी अध्यापक प्राथमिक और उच्च प्राथमिक अध्यापक सीधी भर्ती २०१६ (संशोधित) के माध्यम से शिक्षक लेवल द्वितीय अंग्रेजी के बीए एडिशनल अंग्रेजी विषय के अभ्यर्थियों की काउंसलिंग बुधवार को जिला परिषद् में हुई। जिला शिक्षा अधिकारी प्रारंभिक शिक्षा ने बताया कि इस काउंसलिंग में छह अध्यापक शामिल हुए। जिनमें पांच उपस्थित व एक अनुपस्थित रहे। काउंसलिंग में दो महिला व तीन पुरूष शामिल हुए। इन अध्यापकों को स्कूल आवंटित कर दिए गए हैं। इसके बाद जिला परिषद को अनुमोदन के लिए प्रस्ताव भेज दिए गए है। फिलहाल इन शिक्षकों को नियुक्ति नहीं दी जाएगी।