महिला वुशू लीग में जालोर को दो स्वर्ण, 3 रजत व 1 कांस्य पदक मिलने पर खिलाड़ियों का बहुमान

jalore school get medals in girls wushu game

झारखंड के रांची में 17 से 20 नवम्बर तक आयोजित हुई खेलो इंडिया महिला वुशू लीग में जालोर के खिलाडिय़ों ने दो स्वर्ण, तीन रजत व एक कांस्य सहित कुल 6 पदक अर्जित किए। जिला वुशू संघ के सचिव कन्हैयालाल मिश्रा ने बताया कि जालोर के खिलाडिय़ों ने यह शानदार प्रदर्शन प्रीतम सिंह राठौड़ व किरण मुकेश चौहान के नेतृत्व में किया। खेलो इंडिया महिला वुशू लीग के तालू इवेंट में आर्य वीरांगना वन्दना चौहान ने एक स्वर्ण व एक रजत पदक अर्जित किया। वहीं वुशू के सांशु इवेंट में हिमानी वैष्णव ने स्वर्ण, इशिता चौधरी, दिव्या गोदारा ने रजत व सनाया बेनीवाल ने कांस्य पदक अर्जित कर राष्ट्रीय प्रतियोगिता में जिले का मान बढ़ाया। जिले के वुशू खिलाडिय़ों की सफलता पर राजस्थान वुशू संघ के अध्यक्ष हीरानंद कटारिया, अंतर्राष्ट्रीय वुशू कोच राजेश टेलर, राजस्थान वुशू संघ की महासचिव ममता वर्मा, जिला वुशू संघ के संरक्षक दलपतसिंह आर्य, अध्यक्ष शिवदत्त आर्य, आर्यवीरदल के अध्यक्ष कृष्ण कुमार, जिला सेपकटकरा संघ के अध्यक्ष विनोद आर्य, आर्यवीरदल के संचालक प्रशान्त सिंह,जिला एथलेटिक्स संघ के अध्यक्ष भरत मेघवाल समेत अन्य पदाधिकारियों ने खुशी जताई है। ब्लॉक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता आज से : चांदराई. वलदरा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के खेल मैदान में 11 वर्षीय छात्र छात्रा ब्लॉक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता के तहत कबड्डी खो खो, एथलेटिक्स एवं जिम्नास्टिक प्रतियोगिता का शुभारंभ सोमवार को होगा। बतौर अतिथि जन अभाव अभियोग निराकरण समिति अध्यक्ष पुखराज पाराशर, सीबीईईओ सुरेश कुमार, सवाराम चौधरी, उमसिंह चांदराई, प्रधान संतोष कंवर मौजूद रहेंगे। द्वितीय समूह के खेल स्पर्धा की हुई समाप्ति, आज तृतीय समूह की प्रतियोगिता का शुभारंभ जालोर. जिले में प्रारंभिक शिक्षा खेलकूद के तृतीय समूह की प्रतियोगिता सोमवार से शुरु होंगी। प्रारंभिक शिक्षा जिला खेलकूद प्रतियोगिता आयोजन समिति के संयुक्त सचिव गणपतसिंह मंडलावत ने बताया कि तीसरे समूह में एथलेटिक्स दौड़, कूद और फैंक प्रतियोगिताएं होंगी। तृतीय समूह जिला प्रतियोगिता पूर्ण होने के बाद शिक्षा विभाग द्वारा राज्य के अलग अलग स्थानों पर राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं का दौर प्रारंभ होगा। प्रारंभिक शिक्षा के जिला शिक्षा अधिकारी श्रीराम गोदारा के निर्देशन में दो समूह की प्रतियोगिताएं जिले के विभिन्न स्थानों पर व्यवस्थित संपन्न हो चुकी है। आज 14 वर्ष आयु की तृतीय समूह तथा प्राथमिक वर्ग 11 वर्ष आयु समूह की जिला स्तरीय प्रतियोगिता का शुभारंभ हो रहा है। आज यह हाेगी प्रतियोगिताएं : प्रारंभिक शिक्षा खेल पंचांग के अनुसार तृतीय समूह में सोमवार को 14 वर्ष आयु समूह के एथलेटिक्स छात्र वर्ग की प्रतियोगिता का शुभारंभ राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय रेलवे स्टेशन भीनमाल में होगा। एथलेटिक्स छात्रा वर्ग की जिला प्रतियोगिता का शुभारंभ पातालेश्वर पब्लिक स्कूल कोटड़ा पंचायत समिति सरनाऊ में, प्राथमिक वर्ग के 11 वर्ष तक के खिलाडिय़ों की जिला स्तरीय प्रतियोगिता राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय वलदरा पंचायत समिति आहोर में होगा। 11 वर्ष में विजेता भाग लेंगे : प्रारंभिक शिक्षा की 11 वर्ष आयु वर्ग की प्रतियोगिता में जिला स्तर पर सभी 10 ब्लॉक के विजेता दल भाग लेंगे। ब्लॉक स्तर पर विजेता होने वाले दल आहोर के वलदरा में सहभागिता निभाएंगे। राज्य स्तर का आयोजन : शिक्षा निदेशालय राजस्थान द्वारा निर्धारित पंचांग अनुसार जिला प्रतियोगिता का दौर 23 व 24 नवंबर को पूर्ण हो जाएगा और इसकी विधिवत संपन्नता के बाद प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर प्रथम समूह की राज्य स्तरीय स्पर्धा का दौर प्रारंभ होगा। 27 को होगी रवानगी : जिला शिक्षा अधिकारी प्रारंभिक शिक्षा श्रीराम गोदारा ने बताया कि 29 नवंबर से प्रारंभ होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए जिला स्तर के चयनित अंतिम श्रेष्ठ खिलाडिय़ों को भेजा जाएगा। इसके लिए दलों के साथ दल प्रभारी, दल नायक और प्रशिक्षकों सहित खिलाडिय़ों को 27 नवंबर को सवेरे जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय उपस्थिति देनी होगी। छात्र वर्ग में धानोल की टीम रही प्रथम : रानीवाड़ा. जिला स्तरीय नेट बॉल और स्काई मार्शल आर्ट खेलकूद प्रतियोगिता के समापन अवसर पर बतौर अतिथि उप प्रधान महा देवाराम देवासी, ब्लॉक प्रारम्भिक शिक्षा अधिकारी गजेंद्र कुमार देवासी, पंचायत समिति सदस्य मंजीराम चौधरी, भामाशाह अशोक कुमार एवं रणछोडाराम, बाबूलाल देवासी मौजूद रहे। छात्र वर्ग में धानोल की टीम प्रथम स्थान एवं छात्रा वर्ग में विवेकानंद मॉडल विद्यालय ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। छात्र/छात्रा दोनों वर्ग में सेवाडिय़ा स्कूल ने दूसरा स्थान हासिल किया। इधर, प्रतियोगिता सचिव गुमानसिंह ने खेल का प्रतिवेदन पेश किया। नेट बॉल संयोजक विरदराम बिश्नोई एवं स्काय मार्शल आर्ट संयोजक शा,शिक्षक रमेशकुमार चौधरी ने कार्यक्रम को संबोधित किया। टेनिस वालीबॉल में खारा की टीमें प्रथम : झाब. मेड़ा पुरोहितान के राबाउप्रावि में रविवार को 66वीं जिला स्तरीय चार दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता का समापन हुआ। पीईईओ भोमाराम विश्नोई ने बताया कि प्रतियोगिता में टेनिस वालीबॉल छात्र वर्ग में राउमावि खारा प्रथम व राउप्रावि फालना की टीम द्वितीय स्थान पर रही। वहीं छात्रा वर्ग में प्रथम स्थान पर राबाउप्रावि जूंजाणी एवं राउमावि मुंथला काबा की टीम द्वितीय स्थान पर रही। टेनिस क्रिकेट छात्र वर्ग में प्रथम राउप्रावि लाछड़ी टीम ने प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं द्वितीय स्थान पर राउमावि मेड़ा पुरोहितान रही। टेनिस क्रिकेट छात्रा वर्ग में राउमावि मेड़ा पुरोहितान प्रथम स्थान पर रही। वहीं राबाउप्रावि मेड़ा पुरोहितान कि द्वितीय स्थान पर रही।