जोधपुर। मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की जोधपुर यात्रा के दौरान उनके खिलाफ प्रदर्शन कर रहे राज्य सरकार के कर्मचारी संघ के कुछ नेताओं को पुलिस (Police) उठा कर ले गई। कर्मचारियों की विभिन्न मांगों को लेकर शंभूसिंह मेड़तिया के नेतृत्व में कुछ कर्मचारी नेता सर्किट हाउस के सामने धरना दे नारेबाजी कर रहे थे। बाद में पुलिस इन सभी को एक वाहन में भरकर ले गई।
इस कारण पकड़ा कर्मचारी नेताओं को…
– जोधपुर यात्रा पर पहुंची मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सर्किट हाउस मे भाजपा के पदाधिकारियों की बैठक ले रही थी। इस दौरान सर्किट हाउस के सामने कर्मचारी नेता आ डटे। फुटपाथ पर अपना बैनर लगा उन्होंने वहां धरना देना शुरू कर दिया। कर्मचारी संघ के नेता शंभूसिंह मेड़तिया के नेतृत्व में करीब दस पदाधिकारियों ने धरना देने के साथ राज्य सरकार व मुख्यमंत्री के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी।
– यकायक शुरू हुई इस नारेबाजी के बाद सक्रिय हुई पुलिस ने आनन-फानन में वहां से सभी कर्मचारी नेताओं को गिरफ्तार कर लिया और एक बस में भरकर वहां से ले गई। इस दौरान कर्मचारी नेताओं ने अपनी गिरफ्तारी का विरोध करते हुए राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी और हंगामा किया।
– उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की जोधपुर यात्रा के दौरान अमूमन कर्मचारी नेता शंभूसिंह मेड़तिया को गिरफ्तार कर लिया जाता है या फिर उन्हें पहले से मुख्यमंत्री के कार्यक्रमों से काफी दूर रखा जाता रहा है।