
पहले विवाद व नई REET में भी रिटायर्ड पर भरोसा:बोर्ड अध्यक्ष ने REET-2022 को लेकर जारी कर दिए आदेश; लोरी व माथुर को बनाया अतिरिक्त समन्वयक
राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड द्वारा ली गई REET परीक्षा 2021 के आयोजन में रिटायर्ड अफसरों की भूमिका को लेकर प्रदेश भर में सवाल खड़े किए जा रहे हैं। वहीं, बोर्ड अध्यक्ष डॉ. डीपी जारोली का मोह अभी रिटायर्ड अफसरों से भंग नहीं हुआ है। आगामी रीट 2022 की समन्वय समिति में भी दो रिटायर्ड अफसरों को जगह दी गई है। बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. डीपी जारोली ने 5 जनवरी 2022 को एक आदेश जारी किया।
रीट 2022 के संचालन के लिए समन्वय समिति का गठन किया गया है। इसमें मुख्य समन्वयक अध्यक्ष शिक्षा बोर्ड, समन्वयक बोर्ड सचिव, अतिरिक्त समन्वयक प्रो. मदन लौरी, राजस्थान विवि, मुख्य लेखाधिकारी बोर्ड, जीके माथुर, ओम प्रकाश शर्मा निदेशक शैक्षिक और हजारी राम सीरवी संयुक्त विधि परामर्शी को शामिल किया गया है। सह समन्वयक उपनिदेशक जनसंपर्क राजेंद्र गुप्ता, उपनिदेशक गोपनीय मंघाराम तोलानी, एसीपी महेंद्र सिंह शक्तावत रहेंगे।
गौरतलब है कि रीट पेपर लीक मामले में जयपुर शिक्षा संकुल भी शक में दायरे में आ गया है। SOG ने खुलासा किया था कि पेपर यहीं के स्ट्रॉन्ग रूम से लीक हुआ था। मामले में भजनलाल की गिरफ्तारी के बाद रोज नए खुलासे हो रहे हैं और पेपर लीक के नए गुनाहगार सामने आ रहे हैं। अब राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डीपी जारोली और उनके मित्र डॉ. प्रदीप पाराशर भी शक के घेरे में हैं।