मत्स्य विश्वविद्यालय के भवन का इस माह से शुरु होगा काम
अलवर। अलवर के विद्यार्थियों के लिए खुशखबरी (The good news for students) है। इस माह से शुरु होगा विश्वविद्यालय के भवन का निर्माण। राजर्षि भर्तृंहरि मत्स्य विश्वविद्यालय का प्रशासनिक और परीक्षा भवन का काम इसी माह से प्रारम्भ हो जाएगा। इस भवन का शिलान्यास करने उच्च शिक्षा मंत्री किरण माहेश्वरी के आने की संभावना है। विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. भरत सिंह ने बताया कि निर्माणकारी संस्था आर.एस.आर. डी. सी. को 1. 6 करोड़ की राशि हस्तांतरित कर दी है। इस भवन का शिलान्यास मार्च माह के अंतिम सप्ताह में होने की संभावना है। विश्वविद्यालय के भवन निर्माण के लिए 12.50 करोड़ की राशि पहले ही सरकार स्वीकृत कर चुकी है। इस राशि के पूरे व्यय होने पर विश्वविद्यालय भवन निर्माण के लिए सरकार की ओर से और राशि मिलने की सम्भावना है। इस भवन का नक्शा बन कर तैयार हो गया है।
विश्वविद्यालय ने परीक्षा प्रश्न पत्र का पैटर्न बदला
गैस पेपर और वन वीक सीरिज पढकऱ कुछ प्रश्नों को हल करने का पुराना ढर्रा इस साल से बदल दिया गया है। राजर्षि भर्तृहरि मत्स्य विश्वविद्यालय ने इस वर्ष से परीक्षा प्रश्न पत्रों में´ अंकों के निर्धारण में कई परिवर्तन किए हैं।
इस बार स्नातक कला प्रथम वर्ष व द्वितीय वर्ष के प्रश्न पत्रों के निर्धारण में कई परिवर्तन किए हैं। इस वर्ष बीए प्रथम वर्ष में 12 प्रश्न आएंगे जिसमें से परीक्षार्थी को 10 प्रश्न पत्र करने होंगे। इसमें प्रत्येक प्रश्न 4 अंक का होगा। इससे पूर्व 20 प्रश्न आते थे और एक ही प्रश्न 2 अंक का होता था। इसी प्रकार 20-20 अंक के तीन प्रश्न हल करने होंगे जिसके लिए 6 प्रश्न आएंगे। इसी प्रकार स्नातक द्वितीय वर्ष के प्रश्न पत्र में अंकों के निर्धारण में फेरबदल किया गया है। विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ.भरत सिंह ने बताया कि इस बार परीक्षा प्रश्न पत्र में सारा सिलेवस कवर हो जाए, इसका प्रयास किया गया है। सभी विद्यार्थयो को शार्ट कट तरीके से नहीं बल्कि किताबों की सहायता से नोट्स तैयार करने चाहिए। इस तरह सभी संकायों में कई कक्षाओं के प्रश्न पत्र में अंक निर्धारण नए सिरे से किया गया है जिसके सकारात्मक परिणाम आएंगे।